लालकुआं बिंदुखत्ता की समितियों का जलवा, बिंदुखेड़ा ने हासिल किया पहला मुकाम, संजय नगर दूसरे और रावत नगर तीसरे पायदान पर

लालकुआ नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड लालकुआं के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में दुग्ध संग्रह एवं कारोबार के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली समितियों का दबदबा देखने को मिला। लालकुआं-बिंदुखत्ता क्षेत्र की दुग्ध समितियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष तीन स्थानों पर कब्जा जमाया। बिंदुखेड़ा दुग्ध समिति ने एक करोड़ 77 लाख 83 हजार 862 रुपये के दूध कारोबार के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं संजय नगर दुग्ध समिति एक करोड़ 75 लाख 45 हजार 440 रुपये के कारोबार के साथ दूसरे तथा रावत नगर दुग्ध समिति एक करोड़ 58 लाख 79 हजार 432 रुपये के साथ तीसरे स्थान पर रही।
अधिवेशन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली समितियों को सम्मानित कर उनके पदाधिकारियों एवं दुग्ध उत्पादकों का उत्साहवर्धन किया गया। इसके अलावा हरिपुर कुंवर सिंह एवं पलड़िया दुग्ध समितियों को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए। संघ की ओर से वर्ष 2025-26 के दौरान उपलब्ध कराए गए दूध की कुल कीमत के आधार पर पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्र की 10 उत्कृष्ट दुग्ध समितियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।
इस दौरान दुग्ध समितियों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने समितियों और दुग्ध उत्पादकों को प्रोत्साहित करने तथा उनके हितों में लगातार प्रयास करने के लिए संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संघ नेतृत्व की ओर से पशुपालकों और समितियों के योगदान को सम्मान देने की पहल सराहनीय है।
समिति प्रतिनिधियों ने कहा कि दुग्ध उत्पादकों के हितों को प्राथमिकता देने और उनके परिश्रम को उचित सम्मान दिलाने की दिशा में मुकेश बोरा के प्रयासों से सहकारिता की भावना मजबूत हुई है। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग और प्रोत्साहन बनाए रखने की अपेक्षा जताई।
संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने सम्मानित समितियों एवं दुग्ध उत्पादकों को बधाई देते हुए कहा कि समितियों के बेहतर प्रदर्शन के पीछे पशुपालकों की मेहनत, समर्पण और सामूहिक प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उत्कृष्ट समितियों को सम्मानित करने का उद्देश्य उनके योगदान को पहचान देने के साथ अन्य समितियों और दुग्ध उत्पादकों को भी बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करने के साथ -साथ संघ उत्पादकों के हितों के प्रति सजग और प्रतिबद्ध है




