हल्द्वानी में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई


हल्द्वानी। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम और जिला प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई की। अभियान का नेतृत्व सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने किया। कार्रवाई तिकोनिया से लेकर वर्कशॉप लाइन तक की गई, जहां सड़क किनारे और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को बुलडोजर की मदद से हटाया गया।

अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने कई अवैध ठेले और सामान जब्त किए। वहीं अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ चालान काटकर जुर्माना भी लगाया गया। प्रशासन की कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और कई दुकानदारों ने स्वयं ही अपना अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था और पैदल यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोबारा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles