मदर डेयरी के गाय के दूध में मिली गड़बड़ी, जांच में फैट 2.9 प्रतिशत; नमूना अधोमानक घोषित

त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 21 प्रतिष्ठानों से 14 खाद्य नमूने जांच को भेजे
हल्द्वानी। त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। मदर डेयरी के पैक्ड गाय के दूध का नमूना जांच में अधोमानक और मिथ्याछाप पाया गया है। केंद्रीय खाद्य प्रयोगशाला गाजियाबाद की 21 अक्टूबर को जारी रिपोर्ट में दूध में फैट की मात्रा 2.9 प्रतिशत मिली, जबकि न्यूनतम मानक 3.2 प्रतिशत है। पैकेट पर 4 प्रतिशत फैट होने का दावा किया गया था। विभाग ने मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं 4 नवंबर को रामनगर, हल्द्वानी और लालकुआं क्षेत्र में 21 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान गुड़, गुलाब जामुन, पेड़ा, लड्डू, बालूशाही और अन्य खाद्य पदार्थों के 14 नमूने जांच के लिए लिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों को साफ-सफाई रखने और गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री बेचने के निर्देश दिए। सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी अजय सिंह रावत ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी रोकने के लिए जांच और निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा।


