गेबुआ में डंपर और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, युवक की मौत, महिला गंभीर घायल

रामनगर/कालाढूंगी। हल्द्वानी-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कालाढूंगी के निकट गेबुआ क्षेत्र में आज सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले की जांच की जा रही है।
बेलपड़ाव चौकी प्रभारी राजवीर सिंह नेगी के अनुसार आज सुबह करीब सात बजे पदमपुर डोलिया निवासी कमलेश आर्य (32) पुत्र गोपाल राम अपनी बाइक (यूके-04 सीजी-5767) से कमोला निवासी बसंती थापा के साथ कालाढूंगी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कालाढूंगी की ओर से आ रहे डंपर (यूके-04 सीसी-5918) से उनकी बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को रामनगर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने कमलेश आर्य को मृत घोषित कर दिया, जबकि बसंती थापा का उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक कमलेश आर्य अपने भाई की टेंट की दुकान में कार्य करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा डंपर चालक से भी पूछताछ की जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles