उत्तराखंड में हवाई संपर्क का विस्तार विकास और पर्यटन के लिए ऐतिहासिक कदम : अखिलेश सेमवाल


भीमताल/नैनीताल। भाजपा पर्यटन गतिविधि प्रकोष्ठ, नैनीताल के जिला संयोजक अखिलेश सेमवाल ने उत्तराखंड में हवाई संपर्क व्यवस्था के विस्तार को राज्य के विकास और पर्यटन के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में 7 हेलीपोर्ट और 118 हेलीपैड का नेटवर्क तैयार होना सरकार की दूरदर्शी सोच का परिणाम है।
सेमवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में आधारभूत ढांचे और कनेक्टिविटी को लगातार मजबूत किया जा रहा है। हवाई संपर्क बढ़ने से पर्यटन उद्योग को नई गति मिलेगी, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही, दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों तक आवागमन अधिक आसान, सुरक्षित और तेज़ हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि पर्वतीय राज्य उत्तराखंड में आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान त्वरित राहत एवं बचाव कार्य बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे में हेलीपोर्ट और हेलीपैड नेटवर्क का विस्तार राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और समयबद्ध बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
अखिलेश सेमवाल ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तराखंड सरकार का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि सरकार के विकासोन्मुखी निर्णयों से उत्तराखंड “विकसित उत्तराखंड” के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है और आने वाले समय में पर्यटन, कनेक्टिविटी तथा आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा।

Related Articles