जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे का कलेक्ट्रेट में औचक निरीक्षण, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश

बागेश्वर जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण करते हुए पत्रावलियों के रख-रखाव, अभिलेखों की स्थिति तथा विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने न्याय अनुभाग, राजस्व अनुभाग, बिल अनुभाग, आंग्ल अभिलेख कक्ष तथा भूलेख कक्ष सहित विभिन्न पटलों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं पटल प्रभारियों से कार्यों की जानकारी लेते हुए लंबित प्रकरणों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला कार्यालय जनपद की प्रशासनिक व्यवस्था का प्रमुख केंद्र है, इसलिए यहां आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता, तत्परता और पारदर्शिता के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी कार्यों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी विभागों को जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने तथा कार्यालयी कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि आम जनता को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालय अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे निरीक्षण जारी रहने की बात भी कही गई।




