मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा की जिला कार्यशाला आयोजित

हल्द्वानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की जिला कार्यशाला का आयोजन सोमवार को कुमाऊं संभाग कार्यालय हल्द्वानी में किया गया। कार्यशाला में आगामी दिनों में आयोजित किए जाने वाले विभिन्न जनसंपर्क एवं जनकल्याण कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ता पुष्कर सिंह काला, जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, नैनीताल विधायक सरिता आर्या, लालकुआं विधायक मोहन सिंह बिष्ट, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी प्रदीप जनौटी तथा प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुभानंद जोशी ने दीप प्रज्वलित कर एवं वंदे मातरम् के साथ किया।
कार्यशाला में जिले के सभी मंडलों से मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, जिला पदाधिकारी, मोर्चों के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी, ब्लॉक प्रमुख सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने बीते 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता पुष्कर सिंह काला ने बताया कि 5 जून से 23 जून तक जिले भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 5 से 11 जून तक ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण किया जाएगा। 8 से 14 जून तक मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक एवं प्रदेश पदाधिकारियों द्वारा विशेष जनसंपर्क अभियान चलाकर प्रबुद्धजनों से संवाद किया जाएगा। 12 जून को जिला मुख्यालय में विकास कार्यों को लेकर मीडिया संवाद आयोजित होगा, जबकि 12 से 14 जून तक मोदी सरकार की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि 13 से 20 जून तक जनकल्याण शिविर, 15 से 18 जून तक विधानसभा स्तरीय प्रबुद्ध बैठकें तथा 16 से 20 जून तक प्राकृतिक एवं जैविक खेती कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तथा 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस के कार्यक्रम बूथ स्तर तक आयोजित किए जाएंगे।
कार्यशाला को प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, विधायक सरिता आर्या, विधायक मोहन सिंह बिष्ट और मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर सुरेश भट्ट, दीपक मेहरा, दिनेश आर्या, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शांति मेहरा, जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, प्रदीप बिष्ट, रंजन बर्गली, विनीत अग्रवाल, कंचन उप्रेती, किशोर जोशी, मधुकर श्रोत्रिय सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



