नैनीताल दुग्ध संघ की उपलब्धियों से बदली किसानों की तस्वीर, रोजाना 1.15 लाख किलो दूध का संग्रह; समितियों ने बांटा 5.46 करोड़ का बोनस

हल्द्वानी। नैनीताल जिले में दुग्ध व्यवसाय किसानों और पशुपालकों की आर्थिक मजबूती का बड़ा आधार बनता जा रहा है। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में संघ ने अपनी उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। अधिवेशन में दुग्ध उत्पादकों के हित, आर्थिक प्रोत्साहन और सहकारी व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प बैंक्वेट हॉल में आयोजित अधिवेशन का शुभारंभ नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में महापौर गजराज सिंह बिष्ट, विधायक बंशीधर भगत सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिवेशन की अध्यक्षता दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने की।

710 समितियों के जरिए रोजाना 1.15 लाख किलो दूध संग्रह

अध्यक्ष मुकेश बोरा ने बताया कि वर्तमान में जिले की 710 दुग्ध समितियों के माध्यम से प्रतिदिन औसतन 1.15 लाख किलोग्राम दूध एकत्र किया जा रहा है। इनमें 354 समितियां पर्वतीय और 356 समितियां मैदानी क्षेत्रों में संचालित हैं। उपभोक्ताओं तक आंचल के उत्पाद पहुंचाने के लिए 2760 दुग्ध विक्रेताओं का नेटवर्क काम कर रहा है। इसके माध्यम से प्रतिदिन औसतन 88 हजार लीटर दूध और 30 हजार लीटर दुग्ध उत्पादों की बिक्री हो रही है।

दुग्ध उत्पादकों को करोड़ों का लाभ, 5.46 करोड़ रुपये बोनस

संघ की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में दुग्ध उत्पादकों को 2.55-2.55 करोड़ रुपये दूध मूल्य अंतर के रूप में दिए गए हैं। वहीं, दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों ने वर्ष 2024-25 में 5.15 करोड़ और वर्ष 2025-26 में 5.46 करोड़ रुपये सदस्य बोनस के रूप में वितरित किए। इसके अलावा 1.74 करोड़ रुपये का लाभांश भी दुग्ध समितियों के खातों में जमा कराया जाना प्रस्तावित है।

दूध पर प्रोत्साहन राशि बढ़ाने की उठी मांग

अधिवेशन में दुग्ध उत्पादकों को मिलने वाली चार रुपये प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि बढ़ाकर छह रुपये करने की मांग उठाई गई। साथ ही मैदानी क्षेत्रों की दुग्ध समितियों के सचिवों को भी प्रोत्साहन राशि देने की मांग की गई। अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि पशुपालन की बढ़ती लागत को देखते हुए उत्पादकों को अधिक आर्थिक सहयोग देना जरूरी है।

धारी में बनेगा चीज प्लांट, नई दुग्धशाला का निर्माण जारी

दुग्ध व्यवसाय को और विस्तार देने के लिए विकासखंड धारी में चीज प्लांट स्थापित करने की योजना प्रस्तावित है। वहीं, राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के निर्देशन में नई दुग्धशाला का निर्माण कार्य भी जारी है। इसके अलावा पशुपालकों को बेहतर पशु चिकित्सा, टीकाकरण, संतुलित पशु आहार, साइलेज और मिनरल मिक्सचर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

गौलापार स्थित साइलेज प्लांट के माध्यम से स्थानीय किसानों से मक्का खरीदकर हरे चारे का विकल्प तैयार किया जा रहा है। इससे स्थानीय किसानों के साथ दुग्ध उत्पादकों को भी लाभ मिल रहा है।

अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध संघ की असली ताकत उससे जुड़े हजारों पशुपालक परिवार और दुग्ध समितियां हैं। उत्पादकों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए संघ को और मजबूत बनाने तथा दुग्ध व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के प्रयास जारी रहेंगे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

Related Articles