उत्तराखंड में बारिश का बड़ा अलर्ट: 19 जुलाई को कई जिलों में भारी वर्षा, 21 जुलाई से और सक्रिय होगा मानसून


देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर रौद्र रूप दिखाने की तैयारी में है। मौसम विभाग ने 19 जुलाई को बागेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं 21 जुलाई से पूरे प्रदेश में मानसून के और अधिक सक्रिय होने का पूर्वानुमान है। इसके चलते पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़कें बंद होने और नदी-नालों के उफान पर आने की आशंका बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अलर्ट के बाद राज्य शासन ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। एसडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग और विद्युत विभाग की टीमें अलर्ट मोड पर हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, राहत एवं बचाव उपकरण तैयार रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
चारधाम यात्रा मार्गों और भूस्खलन संभावित इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। सड़क बंद होने की स्थिति में उन्हें शीघ्र खोलने के लिए जेसीबी और अन्य मशीनरी तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन को स्थानीय स्तर पर आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह सक्रिय रखने और लोगों तक समय पर चेतावनी पहुंचाने के लिए भी कहा गया है।
प्रशासन ने आम लोगों और यात्रियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों के किनारे न जाएं तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना को देखते हुए शासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Related Articles