रुद्रप्रयाग में भाजपा को बड़ा झटका, अगस्त्यमुनि ग्रामीण मंडल के कई पदाधिकारियों ने दिया इस्तीफा


रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से पहले रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि ग्रामीण मंडल में भारतीय जनता पार्टी को बड़ा संगठनात्मक झटका लगा है। मंडल महामंत्री, उपाध्यक्ष, मंत्री और सोशल मीडिया संयोजक सहित कई पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से अपने पदों से इस्तीफा देकर संगठन में हलचल मचा दी है।
इस्तीफा देने वाले पदाधिकारियों ने मंडल अध्यक्ष पर उपेक्षा, पक्षपात और संगठनात्मक गतिविधियों से दूर रखने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पार्टी की बैठकों, कार्यक्रमों और महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी तक उन्हें नहीं दी जाती थी, जिससे समर्पित कार्यकर्ताओं में लगातार नाराजगी बढ़ रही थी।
भाजपा मंडल उपाध्यक्ष भगवती प्रसाद सेमवाल ने आरोप लगाया कि वर्षों से पार्टी के लिए कार्य करने के बावजूद उन्हें और अन्य कार्यकर्ताओं को लगातार नजरअंदाज किया गया। वहीं मंडल महामंत्री अजय जोशी ने कहा कि कार्यकर्ताओं को केवल झंडे और डंडे उठाने तक सीमित कर दिया गया है, जबकि उन्हें संगठन में उचित सम्मान और जिम्मेदारी नहीं मिल रही है। सोशल मीडिया संयोजक विनोद कुमार और कार्यकर्ता योगेश सेमवाल ने भी संगठनात्मक उपेक्षा के आरोप लगाए।
इस्तीफा देने वाले पदाधिकारियों ने जिला नेतृत्व से मामले में निष्पक्ष हस्तक्षेप और उचित कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समर्पित कार्यकर्ताओं की लगातार अनदेखी होती रही तो संगठन में काम करना मुश्किल हो जाएगा।
उधर भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने कहा कि सभी नाराज पदाधिकारियों से बातचीत की जा रही है और उनकी समस्याओं को समझकर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles