उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! नैनीताल-अल्मोड़ा के DM बदले, ललित मोहन रयाल को मिली अहम जिम्मेदारी

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) के अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी कर दिए। इस प्रशासनिक फेरबदल में नैनीताल और अल्मोड़ा समेत कई जिलों के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को वर्तमान पद से हटाकर शासन में अपर सचिव, कार्मिक एवं सतर्कता विभाग तथा अपर सचिव मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह को नैनीताल का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।

इसके अलावा विनीत तोमर को अल्मोड़ा का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वह वर्तमान में कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक पद पर तैनात थे।

शासन ने निधि यादव को अपर सचिव कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग के साथ उपाध्यक्ष, जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। वहीं, दीप्ति सिंह को अपर सचिव खेल एवं युवा कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

PCS अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव

प्रशासनिक फेरबदल के तहत PCS अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बड़ा बदलाव किया गया है। कृष्ण कुमार मिश्र को अपर जिलाधिकारी देहरादून से अपर जिलाधिकारी हरिद्वार बनाया गया है। पंकज कुमार उपाध्याय को अपर मेलाधिकारी, कुंभ मेला हरिद्वार से अपर जिलाधिकारी हरिद्वार और वैभव गुप्ता को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार से अपर जिलाधिकारी देहरादून भेजा गया है।

वहीं, सीमा विश्वकर्मा को डिप्टी कलेक्टर अल्मोड़ा के साथ नगर आयुक्त नगर निगम अल्मोड़ा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुधीर कुमार को डिप्टी कलेक्टर नैनीताल के पद पर तैनात किया गया है।

शासन की ओर से जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से वर्तमान पदभार छोड़कर नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कार्यभार ग्रहण करने की आख्या शासन को उपलब्ध कराने को कहा गया है।

नैनीताल जिले में जिलाधिकारी का बदलाव इस प्रशासनिक फेरबदल का सबसे अहम हिस्सा माना जा रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles