मसूरी में बड़ा हादसा: गहरी खाई में गिरी कार, चार पर्यटकों की मौत की सूचना

मसूरी। उत्तराखंड के मसूरी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। कोल्हूखेत क्षेत्र के झड़ीपानी रोड पर एक कार अनियंत्रित होकर करीब 400 से 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौत की सूचना है, जबकि मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल बताई जा रही हैं। कार सवार लोग उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो मसूरी घूमने आए थे।
जानकारी के अनुसार, 10 जून 2026 की सुबह करीब 9:16 बजे 112 कंट्रोल रूम से थाना मसूरी पुलिस को हादसे की सूचना मिली। बताया गया कि बार्लोगंज चौकी क्षेत्र के अंतर्गत झड़ीपानी रोड की तेज ढलान पर एक छोटी कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस, SDRF, फायर सर्विस और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से खाई में उतरकर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण रेस्क्यू टीमों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे से कुछ समय पहले कार सवारों ने सड़क किनारे एक दुकान से सामान खरीदा था। बातचीत में उन्होंने बताया था कि वे उत्तरकाशी की ओर से आ रहे थे। सामान लेकर जैसे ही वे कार में बैठे, तेज ढलान के कारण कार अचानक आगे बढ़ने लगी। चालक जब तक वाहन पर नियंत्रण कर पाता, कार खाली प्लॉट को पार करते हुए सीधे खाई में जा गिरी।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह कार के ब्रेक फेल होना बताई जा रही है। रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद एक महिला का शव खाई से बाहर निकाल लिया है। अन्य लोगों की तलाश और बचाव कार्य जारी है।
हादसे में शामिल कार दिल्ली नंबर की मारुति सिलेरियो (DL5CS4610) बताई जा रही है। कार सवारों की पहचान सत्यप्रकाश निवासी सोनीपत (हरियाणा), मनीत (19), सविता (48) पत्नी धर्मवीर निवासी 322 ए नेहरू नगर, गाजियाबाद और संगीता (46) पत्नी टीटू निवासी करोलबाग, दिल्ली के रूप में बताई गई है।पुलिस ने हादसे की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी है और मामले की जांच की जा रही है।


