रामनगर-देहरादून के बीच पहली एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी, कुमाऊं और गढ़वाल के यात्रियों को बड़ी राहत


रामनगर/देहरादून। कुमाऊं क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेल मंत्रालय ने रामनगर–देहरादून–रामनगर द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस (15310/15309) के संचालन को मंजूरी दे दी है। यह रामनगर और देहरादून के बीच चलने वाली पहली एक्सप्रेस ट्रेन होगी, जिससे कुमाऊं और गढ़वाल के बीच सीधा रेल संपर्क मजबूत होगा।
रेल मंत्रालय के अनुसार, यह सेवा क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी करेगी। सांसद अनिल बलूनी के प्रयासों के बाद शुरू हो रही इस ट्रेन से नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून, मुरादाबाद और बिजनौर के हजारों यात्रियों को लाभ मिलेगा। पर्यटन, तीर्थाटन, शिक्षा, व्यापार और स्थानीय आवागमन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
यह एक्सप्रेस ट्रेन प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को रामनगर से सुबह 5:50 बजे रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन दोपहर 3:55 बजे देहरादून से चलकर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी।
यात्रा के दौरान ट्रेन काशीपुर, रौशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार स्टेशनों पर रुकेगी। इस रूट पर पहली बार एक्सप्रेस ट्रेन मिलने से दोनों मंडलों के बीच यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक होगी।
नई रेल सेवा का सबसे अधिक लाभ छात्रों, किसानों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को मिलेगा। यात्री एक ही दिन में देहरादून या हरिद्वार जाकर अपना आवश्यक कार्य पूरा कर वापस रामनगर लौट सकेंगे, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।
पर्यटन की दृष्टि से भी यह ट्रेन महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान, गिरिजा देवी मंदिर, सीतावनी सहित अन्य पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान होगी। साथ ही हरिद्वार और देहरादून के माध्यम से चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर रेल सुविधा मिलेगी।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में एसी द्वितीय श्रेणी, एसी तृतीय श्रेणी, एसी चेयर कार, स्लीपर, द्वितीय श्रेणी चेयर कार और सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।

Related Articles