नैनीताल दुग्ध संघ की 702वीं महिला दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति का शुभारंभ, पहले दिन हुआ 60 लीटर दूध संग्रह


लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा के नेतृत्व में पर्वतीय क्षेत्र की महिला दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति, सेला में संघ की 702वीं दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति का शुभारंभ किया गया। अध्यक्ष मुकेश बोरा ने फीता काटकर समिति का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला दुग्ध उत्पादकों और ग्रामीणों ने भाग लिया। समिति के संचालन के पहले ही दिन 60 लीटर दूध का संग्रह किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध सहकारिता आंदोलन ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों की आर्थिक मजबूती का महत्वपूर्ण आधार बन चुका है। उन्होंने दुग्ध उत्पादकों से उत्पादन बढ़ाने, गुणवत्ता बनाए रखने तथा सहकारी समितियों को और सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के निर्देशानुसार नैनीताल दुग्ध संघ ने वित्तीय वर्ष 2026-27 तक प्रतिदिन 1.55 लाख लीटर दूध संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया है।
मुकेश बोरा ने कहा कि इस लक्ष्य को नई दुग्ध समितियों के गठन, अधिकाधिक दुग्ध उत्पादकों को सहकारिता से जोड़ने और दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के माध्यम से हासिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में संघ से लगभग 40 हजार दुग्ध उत्पादक जुड़े हैं, जिनमें करीब 75 प्रतिशत महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से दुग्ध सहकारिता आंदोलन लगातार मजबूत हो रहा है। वर्तमान में जनपद में 702 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियां संचालित हैं, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में पींडीआई प्रभारी सुभाष बाबू, सहायक प्रबंधक मीना रौतेला, एफओ शांति कोरंगा, महिला डेयरी मार्ग प्रभारी बसंती, मनीष सनोला, ग्राम प्रधान प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में महिला दुग्ध उत्पादकों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति रही।

Related Articles