
लालकुआं की सियासत में फिर हलचल! संध्या डालाकोटी की कांग्रेस में ‘घर वापसी’, क्या बदलेंगे राजनीतिक समीकरण?
हल्द्वानी। लालकुआं विधानसभा की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की टिकट दावेदार रहीं संध्या डालाकोटी ने एक बार फिर कांग्रेस का दामन थाम लिया है। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
संध्या डालाकोटी की कांग्रेस में वापसी को लालकुआं विधानसभा क्षेत्र की आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। उनकी वापसी के साथ ही कांग्रेस के भीतर टिकट की दावेदारी को लेकर नए समीकरण बनने की चर्चा भी शुरू हो गई है।
दरअसल, 2022 के विधानसभा चुनाव में संध्या डालाकोटी को कांग्रेस का आधिकारिक टिकट मिला था, लेकिन अंतिम समय में उनका टिकट काटकर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को उम्मीदवार बना दिया गया। इसके बाद संध्या डालाकोटी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरकर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाई थी।
अब एक बार फिर कांग्रेस में उनकी वापसी ने लालकुआं की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। सवाल यह भी है कि जिस पार्टी से टिकट कटने के बाद उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा था, उसी पार्टी में लौटने के पीछे क्या राजनीतिक रणनीति है? क्या कांग्रेस में उन्हें नई भूमिका मिलने की उम्मीद है या फिर आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए उन्होंने अपने पुराने राजनीतिक घर में लौटने का फैसला लिया है?
फिलहाल संध्या डालाकोटी की वापसी के बाद लालकुआं में कांग्रेस के भीतर टिकट के दावेदारों की फेहरिस्त में एक और नाम जुड़ गया है। आने वाले दिनों में पार्टी के भीतर राजनीतिक गतिविधियां किस दिशा में बढ़ती हैं, इस पर सबकी नजरें रहेंगी।





