
शक्तिफार्म में आज से सजेगा आंचल डेयरी का तीन दिवसीय मेला
2 से 4 नवंबर तक टैगोर नगर में होंगे आयोजन, पशुपालन योजनाओं की जानकारी के साथ हस्तशिल्प प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम रहेंगे आकर्षण
शक्तिफार्म। टैगोर नगर, शक्तिफार्म में आज 2 नवंबर से आंचल डेयरी के तीन दिवसीय मेले का शुभारंभ होगा। 4 नवंबर तक चलने वाले इस मेले में आंचल डेयरी के विभिन्न दुग्ध उत्पादों की प्रदर्शनी के साथ पशुपालकों को सरकारी योजनाओं और आधुनिक पशुपालन तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।
मेले में पशुपालकों के मार्गदर्शन के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनी और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। आयोजन का उद्देश्य दुग्ध उत्पादकों को प्रोत्साहित करने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है।
प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि आंचल डेयरी उत्तराखंड के पशुपालकों की ताकत है। सरकार शुद्धता, गुणवत्ता और समृद्धि के मंत्र के साथ आंचल ब्रांड को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
मंत्री ने आमजन, दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों से मेले में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।





