नैनीताल में बिजली कटौती का शेड्यूल जारी, 13 अक्टूबर से कई इलाकों में पांच घंटे बंद रहेगी सप्लाई

नैनीताल। दीपावली से पहले बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने नैनीताल क्षेत्र में विद्युत लाइनों के रखरखाव और मरम्मत का शेड्यूल जारी किया है। इसके तहत 13 अक्टूबर से नवंबर तक अलग-अलग तिथियों में कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

विद्युत विभाग के अनुसार, 13 अक्टूबर को 33/11 केवी विद्युत उपसंस्थान रामगढ़ से जुड़े क्षेत्रों में मरम्मत कार्य किया जाएगा। इसके अलावा 15, 16, 21, 22, 23, 26, 27 और 29 अक्टूबर को भी विभिन्न विद्युत उपसंस्थानों से जुड़े क्षेत्रों में अनुरक्षण कार्य प्रस्तावित है। वहीं, नवंबर में 1 और 3 तारीख को भी बिजली लाइनों पर आवश्यक कार्य किए जाएंगे।

विभाग के मुताबिक, निर्धारित तिथियों पर कुछ क्षेत्रों में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रह सकती है। ऐसे में उपभोक्ताओं को पांच घंटे तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ सकता है।

यूपीसीएल ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिजली कटौती को ध्यान में रखते हुए अपने जरूरी कार्य पहले ही निपटा लें। विभाग का कहना है कि लाइनों और विद्युत उपकरणों के रखरखाव से बिजली आपूर्ति व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुचारु बनाने में मदद मिलेगी।

Ad Ad

Related Articles