निःशुल्क सोमनाथ यात्रा पर रवाना हुए नैनीताल के 37 श्रद्धालु, सांसद अजय भट्ट ने दिखाई हरी झंडी

हल्द्वानी। उत्तराखंड सरकार की ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–विशेष निःशुल्क ट्रेन यात्रा 2026’ के तहत नैनीताल जिले से 37 श्रद्धालुओं का दल सोमवार को हल्द्वानी से देहरादून के लिए रवाना हुआ। हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन पर सांसद अजय भट्ट ने हरी झंडी दिखाकर यात्रियों को विदा किया और सभी को शुभकामनाएं दीं।सांसद अजय भट्ट ने कहा कि सरकार की यह पहल उन लोगों के लिए बड़ी सौगात है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते। इस योजना के अंतर्गत ट्रेन यात्रा, ठहरने, भोजन, स्थानीय परिवहन और चिकित्सा सुविधाओं सहित सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई गई हैं।जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने बताया कि देहरादून में प्रदेश के सभी 13 जिलों से आए श्रद्धालु एकत्र होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हरिद्वार से विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे। श्रद्धालु अपने-अपने जिलों का पवित्र जल कलश भी साथ लेकर जाएंगेनैनीताल जिले से इस यात्रा में 14 महिलाएं और 23 पुरुष शामिल हैं। इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री दीपक माहरा, मोहन पाठक, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, एसडीएम मोनिका सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



