उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की 36वीं विद्यापरिषद बैठक सम्पन्न, बी.एड. (ODL) समेत 19 प्रस्तावों को मिली मंजूरी

हल्द्वानी उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की 36वीं विद्यापरिषद की बैठक शुक्रवार को कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी की अध्यक्षता में हाइब्रिड मोड में आयोजित हुई। बैठक में बाह्य विशेषज्ञ ऑनलाइन जबकि विश्वविद्यालय के आंतरिक सदस्य प्रत्यक्ष रूप से शामिल हुए। कुलसचिव एवं सदस्य सचिव खेमराज भट्ट ने परिषद के समक्ष 19 प्रस्ताव प्रस्तुत किए, जिन्हें विस्तृत चर्चा के बाद सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई।
बैठक में यूजीसी-डीईबी की मान्यता के आधार पर बी.एड. (ओडीएल) और बैचलर ऑफ लाइब्रेरी एंड इन्फॉर्मेशन साइंस कार्यक्रमों के संचालन, नेपाली विद्यार्थियों के प्रवेश के लिए एसओपी, शोधार्थियों की अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक कार्यक्रमों में सहभागिता हेतु प्रायोजन नीति तथा पीएचडी प्रवेश व्यवस्था से जुड़े प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई।
इसके अलावा ‘स्वामी विवेकानन्द उत्तराखण्ड ई-पुस्तकालय योजना’, शैक्षणिक सत्र 2025-26 की पुरानी अध्ययन सामग्री का निःशुल्क वितरण, दीक्षांत समारोह से पूर्व उपाधि प्रदान करने की व्यवस्था, कृषि एवं उद्यानिकी विषयों के संचालन तथा रसायन विज्ञान और गणित विभाग के शोधार्थियों की पीएचडी मौखिक परीक्षाओं की आख्या का भी अनुमोदन किया गया।
परिषद ने विश्वविद्यालय के अध्ययन केंद्रों पर NCVET मान्यता प्राप्त कार्यक्रमों के संचालन की नियमावली, CIQA की संस्तुतियों, विभिन्न बोर्ड ऑफ स्टडीज़ की अनुशंसाओं, परीक्षा परिणामों से जुड़े विषयों तथा विद्यार्थियों के हित में दूरदर्शन उत्तराखण्ड पर प्रतिदिन 30 मिनट का शैक्षणिक समय स्लॉट उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी।
बैठक में प्रो. एच.सी. पोखरियाल, प्रो. पी.एस. बिष्ट, डॉ. मनु प्रताप सिंह, डॉ. एच.सी. पुरोहित सहित कई बाह्य विशेषज्ञ ऑनलाइन शामिल हुए, जबकि विश्वविद्यालय के विभिन्न निदेशक, संकाय सदस्य एवं आमंत्रित सदस्य भी उपस्थित रहे।



