हल्द्वानी नगर निगम बोर्ड बैठक में 20 प्रस्ताव पास, अवैध वसूली पर सख्त रुख

हल्द्वानी गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की बोर्ड बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई, जिसमें शहर के विकास और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने से जुड़े 20 महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति (ध्वनिमत) से पारित किए गए।
बैठक के दौरान पार्षदों ने सफाई व्यवस्था से जुड़ी गंभीर शिकायतें उठाईं। बताया गया कि कुछ पर्यावरण मित्र सफाई के नाम पर अवैध रूप से धन वसूली कर रहे हैं और बैनी सेना के अलावा अन्य माध्यमों से भी यूजर चार्ज लिया जा रहा है, जिससे आम जनता को परेशानी हो रही है।
इस पर महापौर ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि नागरिक किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को यूजर चार्ज न दें। केवल अधिकृत बैनी सेना को ही भुगतान करें और उसकी विधिवत रसीद जरूर लें। साथ ही, उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि कोई भी कर्मचारी अवैध वसूली में लिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यह मुद्दा भी सामने आया कि कुछ पर्यावरण मित्र बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने के बाद कार्यस्थल से अनुपस्थित हो जाते हैं। इस पर बोर्ड ने निर्णय लिया कि अब प्रत्येक माह संबंधित क्षेत्र के पार्षद द्वारा उपस्थिति प्रमाणित होने के बाद ही वेतन जारी किया जाएगा। जिन कर्मचारियों की उपस्थिति प्रमाणित नहीं होगी, उनका वेतन रोका जाएगा।
महापौर ने शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अधिकारियों को एक माह का समय दिया और निर्देशित किया कि हर घर तक कूड़ा वाहन की नियमित पहुंच सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के 216 करोड़ रुपये के प्रस्तावित बजट पर भी चर्चा हुई। प्रमुख प्रस्तावों में शामिल हैं—
कार्यकारिणी समिति का गठन
राजपुरा में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण
नगर निगम की दुकानों के किराए में वृद्धि
फ्रेश वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना
जजी कोर्ट के पास आंचल मिल्क कैफे की स्थापना
यूजर चार्ज में वृद्धि
10,000 आवारा कुत्तों का बंध्याकरण कार्यक्रम
जेसीबी मशीन की खरीद
इसके अलावा, इंडियन गैस वितरण में आ रही समस्याओं पर भी चर्चा हुई। महापौर ने संबंधित सेवा प्रदाता के प्रतिनिधि को तलब कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तोलिया, सहायक लेखाधिकारी, कर अधीक्षक सहित सभी पार्षद उपस्थित रहे।




