बच्चा किसका और मिन्नतें किसने कीं?’: ‘जेनी’ मामले में जेनी-योगेंद्र के बयानों से गरमाई सियासत

उत्तराखंड के बहुचर्चित जेनी प्रकरण को लेकर सियासी और कानूनी घमासान एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। एक तरफ आजाद समाज पार्टी के नेता और पूर्व में हरक सिंह रावत की टीम में शामिल रहे योगेंद्र चौहान ने मामले में एंट्री लेते हुए जेनी को लाइव नारको टेस्ट कराने की सीधी चुनौती दी है, तो दूसरी तरफ इंदिरा देवड़ी (उर्फ जेनी) ने सोशल मीडिया पर नया वीडियो जारी कर योगेंद्र चौहान के सभी दावों को खारिज करते हुए उन पर गंभीर आरोप जड़े हैं।
योगेंद्र चौहान का दावा: ‘जेनी ने माना था कि बच्चा हरक का नहीं’
मीडिया से बातचीत करते हुए योगेंद्र चौहान ने दावा किया कि वर्ष 2016 में जब जेनी ने पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत पर गंभीर आरोप लगाए थे, तब वे खुद दिल्ली जाकर उससे मिले थे। चौहान के अनुसार, बातचीत के दौरान जेनी ने खुद यह स्वीकार किया था कि असम से निकलने के बाद वह गुजरात, बरेली और दिल्ली समेत कई जगहों पर रही थी और उस दौरान उसके कई अन्य लोगों से संबंध थे। चौहान ने आगे आरोप लगाया कि उस समय जेनी ने हरक सिंह रावत से एक करोड़ रुपये और एक फ्लैट की मांग की थी। उन्होंने याद दिलाया कि साल 2003 में जब यह मामला पहली बार सामने आया था, तब सीबीआई जांच और डीएनए (DNA) टेस्ट के बाद हरक सिंह रावत को क्लीन चिट मिल गई थी और बच्चा उनका नहीं पाया गया था। चौहान का कहना है कि जेनी ने उनसे खुद यह बात कबूली थी। अपने बयानों को सच साबित करने के लिए योगेंद्र चौहान ने जेनी को मीडिया के सामने संयुक्त रूप से लाइव नारको टेस्ट कराने की खुली चुनौती दी है ताकि सच जनता के सामने आ सके।
नीतियांदेखें
जेनी का पलटवार: ‘योगेंद्र आए थे मिन्नतें करने , घर पर भेजे 10-12 गुंडे’
योगेंद्र चौहान के दावों के जवाब में इंदिरा देवड़ी (उर्फ जेनी) का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें उन्होंने चौहान के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। जेनी ने कहा कि वह योगेंद्र चौहान को पहले से नहीं जानती थीं, बल्कि योगेंद्र खुद उन्हें ढूंढते हुए उनके घर पहुंचे थे। जेनी का आरोप है कि योगेंद्र चौहान, हरक सिंह रावत की ओर से मध्यस्थ (बिचौलिया) बनकर पहुंचे थे और केस वापस लेने के लिए उनके घर पर हाथ-पैर जोड़कर मिन्नतें करते थे। एक करोड़ रुपये और मकान मांगने के आरोपों को पूरी तरह मनगढ़ंत बताते हुए जेनी ने चुनौती भरे लहजे में कहा कि सामने वाला अपनी छोटी बेटी की कसम खाकर बताए कि क्या उन्होंने कभी इस तरह की कोई मांग की थी? इसके साथ ही जेनी ने आरोप लगाया कि उन पर दबाव बनाने के लिए उनके घर और आश्रम पर 10 से 12 लोगों को भेजा गया और लगातार धमकियां दी गईं। उन्होंने कहा कि बातचीत के नाम पर घर आने वाले लोगों की आवाजाही नोएडा स्थित उनके घर के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में दर्ज है। वीडियो के अंत में जेनी ने साफ किया कि उन्हें कहां-कहां ले जाया गया और किस तरह से दबाव बनाने की कोशिश की गई, वह इन सभी तथ्यों और सबूतों को सीबीआई जांच के दौरान जांच एजेंसी के सामने रखेंगी। वहीं, डीएनए जांच को लेकर उठ रहे सवालों पर भी उन्होंने निष्पक्ष जांच की बात कही है।



