केदारताल ट्रैक हादसे में अपडेट!, सात शव बरामद, अब भी एक लापता

उत्तरकाशी के केदारताल ट्रैक क्षेत्र में भारी हिमपात एवं विषम मौसमी परिस्थितियों के चलते लापता ट्रेकर्स एवं सपोर्टिंग स्टाफ की तलाश के लिए SDRF एवं NIM की संयुक्त टीम द्वारा सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।अब तक सात शव बरामद किए जा चुके है।
दुर्गम हिमालयी क्षेत्र में SDRF का रेस्क्यू अभियान जारी
आज यानी छह नवंबर को सैटेलाइट फोन के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर SDRF और NIM की संयुक्त टीम ने लापता व्यक्तियों के संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चलाया।
इस दौरान हिमस्खलन की चपेट में आकर बर्फ में दबे तीन पुरुषों के शव अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए। रेस्क्यू टीम द्वारा सभी शवों को सुरक्षित बेस कैंप पहुंचाया गया, जहां से हेलीकॉप्टर के माध्यम से मातली हेलीपैड, उत्तरकाशी लाया गया। इसके उपरांत शवों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।
आज तीन पुरुषों के शव और बरामद
मालूम हो कि इससे पहले संचालित सर्च एवं रेस्क्यू अभियान के दौरान चार शव बरामद किए जा चुके थे। जिनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं। आज तीन पुरुषों के शव बरामद होने के साथ ही अभियान में अब तक कुल सात शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें पांच पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।
इस प्रकार केदारताल ट्रेक पर लापता कुल आठ व्यक्तियों में से अब तक सात के शव बरामद किए जा चुके हैं। जबकि एक अन्य लापता व्यक्ति की तलाश के लिए सर्च एवं रेस्क्यू अभियान निरंतर जारी है।
शेष लापता व्यक्ति की तलाश जारी
की टीमें अत्यंत दुर्गम एवं उच्च हिमालयी क्षेत्र में प्रतिकूल मौसम, भारी बर्फबारी और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बीच NIM एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए रेस्क्यू अभियान को अंजाम दे रही हैं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद SDRF की टीमें शेष लापता व्यक्ति की तलाश में लगातार जुटी हुई हैं।



