हरेला महोत्सव पर उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में वृक्षारोपण अभियान शुरू

हल्द्वानी। हरेला महोत्सव के अवसर पर उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में सोमवार को वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ सांसद अजय भट्ट ने पौधारोपण कर किया। पहले दिन विश्वविद्यालय परिसर में फलोद्यान की स्थापना के लिए करीब 100 फलदार पौधे लगाए गए।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि हरेला पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति हमारी आस्था का प्रतीक है। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया।
कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने बताया कि हरेला सप्ताह के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में लगभग 500 फलदार, औषधीय, पुष्पीय और छायादार पौधे लगाए जाएंगे। परिसर में फलोद्यान के साथ मियावाकी पद्धति पर आधारित मिश्रित वन भी विकसित किया जाएगा, जिससे जैव विविधता और हरित आवरण को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।



