रामनगर में दर्दनाक घटना: दिव्यांग छात्रा की अचानक मौत
रामनगर । बसई स्थित जेएसआर इंदु इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली नौ वर्षीय दिव्यांग छात्रा की शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। छात्रा विद्यालय परिसर में अचेत अवस्था में मिली, जिसके बाद उसे तत्काल सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।जानकारी के अनुसार, जसपुर के रायपुर निवासी राज सिंह के तीन बच्चे हैं और तीनों जन्म से ही दिव्यांग हैं। बच्चों की शिक्षा और देखभाल के लिए उन्होंने हाल ही में तीनों का प्रवेश जेएसआर इंदु इंटर कॉलेज में कराया था। मृतक छात्रा प्रज्ञा तीनों भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। वह मानसिक एवं शारीरिक रूप से दिव्यांग होने के साथ-साथ काफी कमजोर भी थी।विद्यालय प्रशासन के अनुसार शनिवार सुबह स्कूल की गतिविधियां शुरू होने के दौरान प्रज्ञा अचेत अवस्था में मिली। उसकी हालत गंभीर देखकर विद्यालय स्टाफ ने तत्काल उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। बेटी की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं विद्यालय में भी शोक की लहर दौड़ गई।सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया कोई संदिग्ध परिस्थिति सामने नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।छात्रा के निधन पर विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।



