चम्पावत में दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, एक की मौत, चार घायल

चम्पावत से सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। स्वाला–धौन के पास रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां पांच लोगों को लेकर जा रही एक्सयूवी-300 कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 25 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।
चम्पावत में अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार
मिली जानकारी के अनुसार रविवार तड़के करीब तीन बजे वाहन संख्या UP 32 MC 7924 स्वाला–धौन के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एम्बुलेंस को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
हादसे में एक की मौत, चार घायल
घायलों में आशीष श्रीवास्तव (37 ), अंशुमान कुशवाहा (25), अमित शुक्ला (32) और विकास गिरी (30) शामिल हैं। घायलों को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया गया है। वहीं, हादसे के दौरान वाहन से छिटककर खाई में गिरे अजीत कुशवाहा (27) को कड़ी मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकाला। तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। जबकि अन्य घायल खतरे से बाहर हैं




