हल्द्वानी में कांग्रेस स्थापना दिवस पर विचार–गोष्ठी, आधुनिक भारत के निर्माण में पार्टी के योगदान पर मंथन

हल्द्वानी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस के अवसर पर आज स्वराज आश्रम, हल्द्वानी में हल्द्वानी महानगर कांग्रेस द्वारा विचार–गोष्ठी एवं संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान तथा लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय के प्रति उसकी प्रतिबद्धता पर विस्तार से चर्चा की गई।
महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि भारत की आज़ादी, एकता और आधुनिक राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला रही है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के मार्ग से लेकर पंडित जवाहरलाल नेहरू के आधुनिक भारत के सपनों, मौलाना आज़ाद की वैचारिक धरोहर तथा इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के बलिदानों तक—कांग्रेस का इतिहास देश की आत्मा से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि आज जब कांग्रेस के अस्तित्व पर प्रश्न उठाए जा रहे हैं, तब भारत की आज़ादी, एकता और लोकतंत्र की पूरी यात्रा स्वयं कांग्रेस की सबसे बड़ी गवाही है।
ब्लॉक अध्यक्ष हेम पांडे ने कहा कि कांग्रेस 140 वर्ष पहले भी देश की आवाज़ थी, आज भी है और आने वाले वर्षों में भी संविधान एवं जनहित की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
मुख्य वक्ता के रूप में जिला उपाध्यक्ष राजेन्द्र उपाध्याय ने कांग्रेस के 140 वर्षों के ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेसजनों ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व तथा राहुल गांधी द्वारा कन्याकुमारी से कश्मीर तक निकाली गई भारत जोड़ो यात्रा को जनता से सीधे संवाद और लोकतंत्र की रक्षा का सशक्त प्रतीक बताया।
इस अवसर पर पार्षद भागीरथी बिष्ट, पूर्व पार्षद राधा आर्य, प्रदेश सचिव डॉ. मयंक भट्ट, पूर्व मंत्री सुहैल सिद्दीकी, जिला महामंत्री मलय बिष्ट, पार्षद एडवोकेट धर्मवीर, राधा चौधरी, देवकी देवी, सुनीता टम्टा, जगमोहन बगड़वाल, कैलाश साह, जगदीश वाणी, गोविंद बगड़वाल, संजू उप्रेती, संदीप जोशी, हरीश लाल वैध, भुवन चंद्र, प्रकाश चंद्र, चंदन भाकुनी, अमित रावत, एडवोकेट किशोर जोशी, एडवोकेट योगेंद्र पाठक, एडवोकेट शाद अली, एडवोकेट कोमल जायसवाल, मनोज भट्ट, प्रदीप बिष्ट, राजा रवि पांडे, राजकुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



