ड्यूटी से लौट रहे रोडवेज चालक को तेज रफ्तार कैंटर ने कुचला, घर से कुछ कदम दूर टूटी जिंदगी

पीएनएल ब्यूरो
हल्द्वानी। काठगोदाम डिपो में तैनात रोडवेज चालक की रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे चालक को घर के पास ही एक तेज रफ्तार कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि चालक करीब 30 मीटर दूर जा गिरा और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार गौलापार के पश्चिमी खेड़ा निवासी 44 वर्षीय अजय सिंह कुंजवाल पुत्र मोती सिंह कुंजवाल काठगोदाम डिपो में चालक के पद पर कार्यरत थे। रविवार रात करीब 11:30 बजे वह ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान घर के निकट चोरगलिया की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अजय सड़क पर दूर जा गिरे, जबकि चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता अर्जुन बिष्ट मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल अजय को अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए कैंटर को कब्जे में ले लिया और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। एसएचओ काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि वाहन सीज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतक अपने पीछे दो बेटियों और एक छोटे बेटे को छोड़ गए हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ इसलिए भी टूट पड़ा है क्योंकि कुछ वर्ष पहले अजय के बड़े भाई की भी एक सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और लोग तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

