हल्द्वानी में सड़क चौड़ीकरण तेज: ऊंचापुल चौराहे पर दो अवैध मकान तोड़े

हल्द्वानी शहर में सड़क चौड़ीकरण का काम एक बार फिर तेज हो गया है। इसी क्रम में आज प्रशासन और नगर निगम की टीम ने ऊंचापुल चौराहे के पास सड़क चौड़ीकरण में आ रहे दो बड़े अवैध मकानों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की।
यह कार्रवाई सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में की गई। लोक निर्माण विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही। बताया गया कि दोनों मकान सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाए गए थे, जो सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे थे।
मकान काफी बड़े होने के कारण इन्हें तोड़ने की कार्रवाई में अधिक समय लगने की संभावना है। इन भवनों को हटाने के बाद ऊंचापुल चौराहे पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में लगने वाले जाम से लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि शहर के कई हिस्सों में सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। प्रशासन लगातार लोगों से अपील कर रहा है कि जो भी अतिक्रमण है, उसे स्वयं हटा लें। यदि ऐसा नहीं किया गया तो प्रशासन सख्ती के साथ कार्रवाई करेगा और जरूरत पड़ने पर बलपूर्वक अतिक्रमण हटाया जाएगा।




