रिश्वत लेते रजिस्ट्रार कानूनगो रंगे हाथों पकड़े गये

हल्द्वानी उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए बाजपुर तहसील में रजिस्ट्रार कानूनगो मोहन सिंह को 3500 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी ने शिकायतकर्ता से नाम दर्ज कराने के बदले रिश्वत की मांग की थी।
यह कार्रवाई एक टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर आई शिकायत के बाद की गई। शिकायतकर्ता का भूमि विवाद न्यायालय में लंबित था, जिसमें कुमाऊं कमिश्नर ने उसके पक्ष में निर्णय दिया था। फैसले के बाद जब शिकायतकर्ता ने अपना नाम रजिस्टर में दर्ज कराने के लिए तहसील कार्यालय संपर्क किया, तो रजिस्ट्रार कानूनगो ने रिश्वत की मांग की।
सतर्कता अधिष्ठान ने मामले की जांच की और आरोप सही पाए जाने पर CO अनिल सिंह मनराल के द्वारा अपने पर्यवेक्षण में तथा निरीक्षक के नेतृत्व में तत्काल ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने 11 मार्च को तहसील बाजपुर में योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की और मोहन सिंह को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
