नीट काउंसलिंग में 100 नंबर का झोल ! QR कोड ने खोल दी पोल, आयुर्वेद विवि ने दी तहरीर, FIR की मांग

मेडिकल और आयुर्वेद की सीटों के लिए काउंसलिंग का दौर चल रहा हो और ऐसे में स्कोर कार्ड में 100 अंकों का बड़ा फेरबदल सामने आ जाए, तो किसी का भी चौंकना लाजमी है। उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय की मॉप-अप काउंसलिंग के दौरान कुछ ऐसा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक अभ्यर्थी के नीट (NEET) स्कोर कार्ड में 315 नंबर दिखाए गए, जबकि विश्वविद्यालय के आधिकारिक रिकॉर्ड में वही नंबर 215 दर्ज मिले। हैरानी की बात यह रही कि जब काउंसलिंग टीम ने उस स्कोर कार्ड पर छपे QR कोड को स्कैन किया, तो वहां भी 215 नंबर ही निकलकर सामने आए। इस पूरे मामले को संदिग्ध और फर्जीवाड़े से जुड़ा मानते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने अब पुलिस से मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई है। नक्शेदेखें
कैसे सामने आया यह पूरा मामला?
घटना 24 नवंबर को उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय में चल रही मॉप-अप काउंसलिंग के दौरान की है। जानकारी के मुताबिक, फरीदाबाद (हरियाणा) के रहने वाले अनुराग खरे अपनी बेटी आस्था खरे की काउंसलिंग के सिलसिले में विश्वविद्यालय पहुंचे थे। अभ्यर्थी का नीट रोल नंबर 2301204173 बताया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से डोईवाला थाने के थानाध्यक्ष को भेजे गए पत्र के अनुसार, अनुराग खरे ने काउंसलिंग के दौरान यह दावा किया कि उनकी बेटी के अंक कम दिखाकर उसे मेरिट सूची में नीचे रखा गया है। उन्होंने जो नीट स्कोर कार्ड पेश किया, उसमें आस्था खरे के 315 अंक दर्ज थे। वहीं, विश्वविद्यालय को जो आधिकारिक सूची मिली थी, उसमें आस्था के अंक 215 लिखे हुए थे। नक्शेदेखें
इस पूरे प्रकरण में कई ऐसे पहलू सामने आए हैं, जिन्होंने काउंसलिंग बोर्ड और कर्मचारियों को भी सोच में डाल दिया। विश्वविद्यालय के पत्र में जिक्र है कि अनुराग खरे ने काउंसलिंग से एक दिन पहले यानी 23 नवंबर 2026 की शाम 7 बजकर 13 मिनट पर विश्वविद्यालय को एक ई-मेल भी भेजा था। इस ई-मेल के साथ उन्होंने एक सूची भी लगाई थी, जिसमें उनकी बेटी के अंक 315 दिखाए गए थे।जब वे 24 नवंबर को काउंसलिंग के लिए खुद विश्वविद्यालय पहुंचे, तो वहां स्कोर कार्ड पेश करने के साथ-साथ दो अलग-अलग आवेदन फार्म भी दिए गए। इनमें से एक फार्म में नीट के 315 अंक भरे गए थे, जबकि दूसरे आवेदन फार्म में 215 अंक दर्ज थे।असली पेंच तब फंसा जब काउंसलिंग में मौजूद कर्मचारियों ने प्रस्तुत स्कोर कार्ड पर बने QR कोड को स्कैन किया। डिजिटल जांच और QR कोड स्कैन करने पर आस्था खरे के अंक 215 ही दिखाई दिए। स्कोर कार्ड पर छपे अंक और QR कोड से निकलने वाले अंकों के बीच सीधे 100 नंबर के इस अंतर ने पूरे मामले को बेहद संदिग्ध बना दिया।
HNB मेडिकल विवि देता है नीट अभ्यर्थियों का आधिकारिक डाटा
विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुलिस को लिखे पत्र में यह भी साफ किया है कि नीट अभ्यर्थियों का आधिकारिक डाटा उन्हें राज्य सरकार के हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय, देहरादून से प्राप्त होता है। आधिकारिक रिकॉर्ड में 215 अंक दर्ज होने और प्रस्तुत दस्तावेज में 315 अंक दिखने को विश्वविद्यालय ने गंभीरता से लिया है। नक्शेदेखें
काउंसलिंग बोर्ड ने पुलिस को भेजे गए दस्तावेज
पूरे मामले को जब काउंसलिंग बोर्ड के सामने रखा गया, तो बोर्ड ने भी इसे संदिग्ध और कूटरचित (जाली/छेड़छाड़ किया हुआ) माना। काउंसलिंग बोर्ड से मिले निर्देशों के बाद विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव संजीव कुमार पाण्डेय ने 24 नवंबर 2026 को डोईवाला पुलिस को पत्र भेजकर संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया है। विवि प्रशासन ने पत्र में लिखा है कि प्रस्तुत कूटरचित नीट स्कोर कार्ड के जरिए काउंसलिंग प्रक्रिया में जालसाजी कर दाखिला लेने की कोशिश की जा रही है। पुलिस से मांग की गई है कि इस पूरे मामले की गहराई से जांच की जाए, एफआईआर दर्ज कर जरूरी कानूनी कार्रवाई की जाए और जांच के निष्कर्ष से विश्वविद्यालय को भी अवगत कराया जाए।
पुलिस को भेजे गए पत्र के साथ सबूत और दस्तावेजों के तौर पर नीट स्कोर कार्ड, दोनों अलग-अलग आवेदन फार्म, 23 नवंबर को भेजा गया ई-मेल, अनुराग खरे के पहचान पत्र की प्रति तथा उनके द्वारा दी गई सूची की कॉपी भी संलग्न की गई है।
अब जांच के बाद ही साफ होगी तस्वीर
फिलहाल यह पूरा मामला पुलिस के पाले में पहुंच चुका है। कागजों में 100 अंकों का यह फर्क कैसे आया, स्कोर कार्ड में कथित तौर पर छेड़छाड़ किस स्तर पर हुई और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है—इन सभी सवालों के जवाब अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे। काउंसलिंग के बीच सामने आए इस मामले ने दाखिला प्रक्रिया की निगरानी और दस्तावेजों के सत्यापन को लेकर एक बार फिर चर्चा छेड़ दी है।



