उत्तराखंड: रुड़की तहसील में रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया पेशकार, विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई

रुड़की/देहरादून।
उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में विजिलेंस की देहरादून सेक्टर की ट्रैप टीम ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए रुड़की तहसील कार्यालय में तैनात पेशकार रोहित को 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सोमवार, 19 मई 2025 को पूरी पारदर्शिता के साथ स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की गई।

क्या है मामला? शिकायतकर्ता के अनुसार, उसकी बहन की कृषि भूमि से संबंधित मामला रुड़की के तहसीलदार न्यायालय में लंबित था, जिसमें न्यायालय द्वारा 24 मार्च 2025 को एकपक्षीय आदेश पारित किया गया। इस आदेश को चुनौती देते हुए शिकायतकर्ता ने 21 अप्रैल 2025 को रेस्टोरेशन प्रार्थना पत्र दायर किया।

आरोप है कि उक्त प्रार्थना पत्र पर आगे की कार्यवाही करवाने के एवज में पेशकार रोहित ने ₹25,000 की रिश्वत की मांग की। भ्रष्टाचार से आहत होकर शिकायतकर्ता ने सीधे विजिलेंस टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई।

गिरफ्तारी कैसे हुई?

शिकायत की सत्यता की पुष्टि के बाद विजिलेंस की ट्रैप टीम ने सोमवार को तहसील परिसर में जाल बिछाया, और जैसे ही रोहित ने ₹10,000 की पहली किस्त ली, उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान रोहित पुत्र रामपाल सिंह, निवासी मकान संख्या 273, ग्राम कस्बा रुड़की, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।

छापेमारी और आगे की जांच

गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपी के आवास और संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है या नहीं।

सतर्कता निदेशक ने दी टीम को सराहना और पुरस्कार
सतर्कता अधिष्ठान के निदेशक डॉ. वी. मुरूगेसन ने ट्रैप टीम की इस प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

जनता से अपील: सतर्कता अधिष्ठान ने प्रदेश की जनता से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत मांगता है, पद का दुरुपयोग करता है या आय से अधिक संपत्ति अर्जित करता है, तो तुरंत इसकी सूचना टोल फ्री नंबर 1064 या व्हाट्सएप नंबर 9456592300 पर दें।
सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles