पश्चिम बंगाल कांग्रेस प्रभारी बनने के बाद पहली बार हल्द्वानी पहुंचे प्रकाश जोशी, 8 अगस्त की खरगे रैली को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान

हल्द्वानी कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के सदस्य एवं पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रभारी बनाए जाने के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रकाश जोशी पहली बार हल्द्वानी पहुंचे। स्वराज आश्रम स्थित कांग्रेस भवन में पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और जोरदार नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
इसके बाद आयोजित बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की 8 अगस्त को हल्द्वानी में प्रस्तावित जनसभा की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में संगठनात्मक व्यवस्थाओं, बूथ स्तर तक समन्वय, जनसंपर्क अभियान और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
प्रकाश जोशी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ तैयारियों में जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और एकजुटता से 8 अगस्त की जनसभा ऐतिहासिक और सफल बनेगी।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से जनसभा को उत्तराखंड की सबसे बड़ी रैली बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने की अपील की।
बैठक में उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, विधायक सुमित हृदयेश, पूर्व मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, पूर्व विधायक संजीव आर्य, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल छिमवाल, महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक का समापन 8 अगस्त की जनसभा को ऐतिहासिक और सफल बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।



