लालकुआं -चोरी का पुलिस ने खोला राज, लाखो के जेवरात के साथ शहर के ही दो सगे भाई गिरफ्तार

लालकुआं। नगर के आजाद नगर क्षेत्र में एक माह पूर्व हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 2 लाख 69 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपियों के पास से चोरी के दो सोने के मंगलसूत्र, दो सोने के कान के कुंडल और पांच चांदी के सिक्के बरामद हुए हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए नकब लगाने के औजार भी बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, बीती 17 अक्टूबर की रात आजाद नगर वार्ड नंबर चार निवासी मोहनी देवी के घर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए थे। पीड़िता की तहरीर पर थाना लालकुआं में मुकदमा अपराध संख्या 167/26, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई थी।
प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में चोरी की घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट और उपनिरीक्षक वंदना चौहान की अगुवाई में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने लालकुआं तथा आसपास के सरहदी क्षेत्रों में लगे करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही संदिग्धों से पूछताछ और लगातार सुरागरसी-पतारसी करते हुए चोरों तक पहुंचने के प्रयास किए गए।
आखिरकार पुलिस को सफलता मिली और 5 नवंबर को डर्बी जंगल से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विशाल मंडल उर्फ चीमा और उसके भाई विकास मंडल पुत्रगण वीरेंद्र सिंह निवासी आजाद नगर वार्ड नंबर चार, लालकुआं के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए दो सोने के मंगलसूत्र, दो सोने के कान के कुंडल और पांच चांदी के सिक्के बरामद किए हैं। बरामद माल की कीमत करीब 2.69 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार विशाल मंडल उर्फ चीमा का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ हल्द्वानी, काठगोदाम, लालकुआं, मुखानी और दिनेशपुर थानों में आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा वर्ष 2025 में उसके खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई थी। दूसरे आरोपी विकास मंडल के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।




