अगस्त से नैनीताल मॉल रोड बनेगी ‘नो हॉर्न ज़ोन’, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

नैनीताल, नैनीताल की शांत और प्राकृतिक पहचान को बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। 1 अगस्त 2026 से तल्लीताल डांठ से मल्लीताल रिक्शा स्टैंड तक पूरे मॉल रोड क्षेत्र में वाहनों द्वारा हॉर्न बजाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ उत्तराखण्ड मोटरयान नियमावली एवं अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पुलिस, परिवहन, नगर पालिका, विकास प्राधिकरण और राजस्व विभाग को निर्देश दिए कि 1 अगस्त से पहले व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि मॉल रोड और आसपास के क्षेत्रों में ‘नो हॉर्न ज़ोन’ के साइन बोर्ड, फ्लेक्स और डिस्प्ले लगाए जाएं। साथ ही पर्यटकों और स्थानीय लोगों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नैनी झील की सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापार मंडल, टैक्सी एसोसिएशन, बार एसोसिएशन, नाव संगठन, डीएसए सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों और संस्थानों का सहयोग लिया जाएगा। इसके अलावा एनसीसी, एनएसएस और मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों को भी जनजागरूकता अभियान से जोड़ा जाएगा।
आदेश के प्रभावी अनुपालन के लिए मॉल रोड पर एक सप्ताह के भीतर विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि 24 जुलाई से 31 जुलाई तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिससे स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को नई व्यवस्था की पूरी जानकारी मिल सके।
उन्होंने कहा कि नैनीताल देश-विदेश के पर्यटकों का प्रमुख आकर्षण है और मॉल रोड की पहचान उसके शांत एवं प्राकृतिक वातावरण से है। अनावश्यक हॉर्न से होने वाला ध्वनि प्रदूषण न केवल पर्यावरण बल्कि पर्यटकों के अनुभव को भी प्रभावित करता है। इसलिए यह निर्णय शहर की प्राकृतिक गरिमा, पर्यावरण संरक्षण और शांत वातावरण बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक (यातायात) जगदीश चंद्र, सम्भागीय परिवहन अधिकारी अरविन्द पाण्डे, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलीक, पुलिस क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



