1 जुलाई से बदलेंगे कई अहम नियम, आम आदमी की जेब पर पड़ेगा सीधा असर

नई दिल्ली। जून माह समाप्त होने के साथ ही 1 जुलाई से देशभर में कई महत्वपूर्ण नियमों में बदलाव होने जा रहे हैं। इन बदलावों का सीधा असर आम लोगों की जेब, बैंकिंग सेवाओं और दैनिक खर्चों पर पड़ सकता है। आधार अपडेट से लेकर गैस, सीएनजी और बैंकिंग नियमों तक कई नए प्रावधान लागू होने वाले हैं।
आधार ईमेल अपडेट होगा मुफ्त
UIDAI के अनुसार जिन लोगों के आधार कार्ड में ईमेल आईडी अपडेट नहीं है, वे 1 जुलाई से दिसंबर तक इसे निशुल्क अपडेट करा सकेंगे। पहले इस सेवा के लिए 75 रुपये शुल्क देना पड़ता था। इससे लाखों आधार धारकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
CNG, PNG और ATF की कीमतों में हो सकता है बदलाव
हर महीने की तरह जुलाई में भी सीएनजी, पीएनजी और विमान ईंधन (ATF) की कीमतों की समीक्षा की जाएगी। ऐसे में इनकी कीमतों में बढ़ोतरी या कमी संभव है, जिसका असर परिवहन और घरेलू बजट पर पड़ सकता है।
LPG सिलेंडर की कीमतों पर रहेगी नजर
अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के चलते एलपीजी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। हाल ही में कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगे हुए हैं, जबकि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। जुलाई में नई दरों का ऐलान होने की संभावना है।
जुलाई में कई दिन बंद रहेंगे बैंक
जुलाई महीने में बैंक करीब 12 दिन बंद रहेंगे। इनमें साप्ताहिक अवकाश के अलावा विभिन्न राज्यों के स्थानीय पर्व और त्योहारों के कारण होने वाली छुट्टियां भी शामिल हैं। ऐसे में ग्राहकों को बैंकिंग कार्य समय रहते निपटाने की सलाह दी गई है।
HDFC क्रेडिट कार्ड नियमों में बदलाव
HDFC बैंक के Regalia Gold क्रेडिट कार्ड धारकों के लिए भी नए नियम लागू होंगे। घरेलू एयरपोर्ट लाउंज की मुफ्त सुविधा जारी रखने के लिए ग्राहकों को पिछले तिमाही में कम से कम 60 हजार रुपये खर्च करना अनिवार्य होगा। नए नियम का असर उन ग्राहकों पर पड़ेगा जो यात्रा संबंधी सुविधाओं के लिए इस कार्ड का उपयोग करते हैं।



