बाजपुर चीनी मिल स्क्रैप घोटाले के बीच बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, ऋचा सिंह बनीं नई एसडीएम

बाजपुर/उधमसिंहनगर। बाजपुर चीनी मिल में सामने आए कथित स्क्रैप घोटाले के बीच जिला प्रशासन ने बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने बाजपुर की एसडीएम अमृता शर्मा का तत्काल प्रभाव से गदरपुर तबादला कर दिया है, जबकि गदरपुर की एसडीएम एवं पीसीएस अधिकारी ऋचा सिंह को बाजपुर का नया उपजिलाधिकारी नियुक्त किया गया है ऋचा सिंह इससे पहले हल्द्वानी में सिटी मजिस्ट्रेट और नगर आयुक्त के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। उन्हें सख्त, निष्पक्ष और तेजतर्रार प्रशासनिक कार्यशैली के लिए जाना जाता है। ऐसे में बाजपुर चीनी मिल से जुड़े विवादों के बीच उनकी नियुक्ति को अहम माना जा रहा है।
हालांकि तबादला आदेश में किसी विशेष कारण का उल्लेख नहीं किया गया है, लेकिन स्क्रैप घोटाले के बीच हुए इस प्रशासनिक फेरबदल ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर नई एसडीएम ऋचा सिंह पर रहेगी कि वे इस मामले में किस तरह की कार्रवाई और प्रशासनिक व्यवस्था को आगे बढ़ाती हैं।



