जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी को दी गई अंतिम विदाई

हल्द्वानी, 13 सितंबर। जिला सूचना अधिकारी नैनीताल गिरिजा शंकर जोशी का 12 सितंबर की दोपहर आकस्मिक हृदयगति रुकने से निधन हो गया। उनके निधन से सूचना विभाग, मीडिया जगत और विभिन्न विभागों में शोक की लहर है। स्वर्गीय जोशी अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
रविवार को रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम यात्रा सुबह 8 बजे बिठोरिया नंबर-1 स्थित उनके निवास से चित्रशिला घाट के लिए रवाना हुई।
अंतिम संस्कार में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट, मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला, दर्जा राज्यमंत्री शंकर कोरंगा, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी, नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, सहायक निर्वाचन अधिकारी हंसादत्त पांडे, के.एस. चौहान, संपादक कमलेश भट्ट, जिला सूचना अधिकारी ऊधमसिंह नगर गोविंद बिष्ट, प्रभारी मीडिया सेंटर हल्द्वानी अहमद नदीम समेत सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार एवं परिजन मौजूद रहे।
सभी ने स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
14 सितंबर को होगी शोक सभा
स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी की स्मृति में 14 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे मीडिया सेंटर हल्द्वानी में शोक सभा आयोजित की जाएगी। इसमें सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।


