रुद्रपुर की कंचन बसेरा ने एशियन जू-जित्सु चैंपियनशिप में जीता रजत, उत्तराखंड का बढ़ाया मान

रुद्रपुर। अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर उत्तराखंड की बेटी कंचन बसेरा ने एक बार फिर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। कजाकिस्तान के अल्माटी में आयोजित 10वीं एशियन जू-जित्सु चैंपियनशिप-2026 में रुद्रपुर के मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम की होनहार खिलाड़ी कंचन बसेरा ने सीनियर महिला 45 किलोग्राम कॉन्टेक्ट स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में कंचन ने कजाकिस्तान, वियतनाम और चाइनीज ताइपे जैसे मजबूत देशों की खिलाड़ियों के बीच बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर फाइनल तक का सफर तय किया। उनकी इस उपलब्धि से उत्तराखंड ही नहीं, पूरे देश में खुशी और गर्व का माहौल है।
इसी प्रतियोगिता में सोनम ने जूनियर महिला 48 किलोग्राम फाइटिंग सिस्टम में पांचवां स्थान, हैप्पी सिंह ने सीनियर पुरुष 56 किलोग्राम कॉन्टेक्ट सिस्टम में पांचवां स्थान तथा रोनक शर्मा ने जूनियर पुरुष 77 किलोग्राम फाइटिंग सिस्टम में पांचवां स्थान हासिल कर भारत का शानदार प्रतिनिधित्व किया।
इस सफलता का श्रेय जिला खेल विभाग, ऊधम सिंह नगर के जू-जित्सु कोच कमल सिंह के वर्षों के समर्पण और अनुशासित प्रशिक्षण को भी दिया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में अब तक 14 खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, जिनमें 9 खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय पदक जीत चुके हैं।
जू-जित्सु एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष विनय कुमार जोशी के नेतृत्व में भारतीय जू-जित्सु लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उत्तराखंड के खेल मंत्री, सांसद अजय भट्ट, उत्तराखंड खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप सिंह बुटोला, उपाध्यक्ष मोहन पाठक, उप निदेशक खेल रसिका सिद्धीकी, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों और जू-जित्सु परिवार ने खिलाड़ियों एवं कोच कमल सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



