हल्द्वानी की बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ऋतु रखोलिया ने हासिल की प्रतिष्ठित फेलोशिप

हल्द्वानी। वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ऋतु रखोलिया ने बाल तंत्रिका विज्ञान एवं विकास (पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी एंड डेवलपमेंट) के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने 12 माह की प्रतिष्ठित डिस्टेंस लर्निंग फेलोशिप सफलतापूर्वक पूर्ण कर प्रमाणन प्राप्त किया है।
यह फेलोशिप कार्यक्रम इमरजेंसी क्राइसिस मैनेजमेंट सॉल्यूशंस (ECMS) द्वारा आयोजित किया गया, जिसे इंटरनेशनल एक्रिडिटेशन ऑर्गेनाइजेशन (IAO) की मान्यता प्राप्त है। कार्यक्रम को स्टेटपर्ल्स (अमेरिका) और लर्नईएम (ऑस्ट्रेलिया) का भी शैक्षणिक सहयोग प्राप्त है।
फेलोशिप के दौरान डॉ. रखोलिया ने बच्चों में होने वाले तंत्रिका संबंधी रोगों, विकासात्मक विकारों, न्यूरोलॉजिकल आकलन, प्रारंभिक पहचान और आधुनिक उपचार पद्धतियों का गहन अध्ययन किया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य बाल रोग विशेषज्ञों को बच्चों में न्यूरोलॉजिकल और विकास संबंधी चुनौतियों के बेहतर निदान और उपचार के लिए उन्नत ज्ञान उपलब्ध कराना है।
डॉ. ऋतु रखोलिया लंबे समय से बाल स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी हुई हैं और क्षेत्र के बच्चों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्रदान कर रही हैं। उनकी इस उपलब्धि को चिकित्सा जगत में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस उन्नत प्रशिक्षण का लाभ बच्चों में ऑटिज्म, विकास में देरी, मिर्गी और अन्य तंत्रिका संबंधी समस्याओं के बेहतर निदान एवं उपचार में मिलेगा। इससे कुमाऊं क्षेत्र के बच्चों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का और अधिक लाभ प्राप्त हो सकेगा।
डॉ. ऋतु रखोलिया की इस सफलता पर चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



