Haldwani- दूध उत्पादन से चमकी किसानों की किस्मत!… रोजाना 1.15 लाख किलो संग्रह, समितियों ने बांटा 5.46 करोड़ का बोनस

हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में दुग्ध उत्पादकों की आवाज बुलंद हुई। दुग्ध व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने, उत्पादकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और सहकारिता को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ आयोजित अधिवेशन में दूध उत्पादकों के हितों से जुड़े कई अहम मुद्दे उठे। इस दौरान दुग्ध मूल्य प्रोत्साहन राशि चार रुपये से बढ़ाकर छह रुपये प्रति लीटर करने तथा मैदानी क्षेत्र की दुग्ध समितियों के सचिवों को भी प्रोत्साहन राशि देने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। नक्शेदेखें
हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प बैंक्वेट हॉल में आयोजित अधिवेशन का शुभारंभ नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि हल्द्वानी नगर निगम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, विधायक बंशीधर भगत, भाजपा नेता राजेंद्र सिंह बिष्ट, नवीन दुम्का और हरीश बिष्ट ने भी दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अधिवेशन की अध्यक्षता दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने की, जबकि संचालन प्रबंधक प्रशासन संजय सिंह भाकुनी ने किया। इसमें जनपदभर की दुग्ध समितियों के अध्यक्षों और प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग कर संघ की उपलब्धियों, समस्याओं और भविष्य की योजनाओं पर मंथन किया।
अधिवेशन में अध्यक्ष मुकेश बोरा ने संघ की उपलब्धियों और भावी योजनाओं का ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए बताया कि नैनीताल दुग्ध संघ 78 वर्ष पूरे कर 79वें वर्ष में प्रवेश करने जा रहा है। वर्तमान में जिले की 710 दुग्ध समितियों के माध्यम से प्रतिदिन औसतन 1.15 लाख किलोग्राम दूध का संग्रह किया जा रहा है, जबकि अब तक अधिकतम 1.41 लाख किलोग्राम प्रतिदिन दूध संग्रह का रिकॉर्ड रहा है। जनपद में 354 समितियां पर्वतीय और 356 समितियां मैदानी क्षेत्रों में संचालित हैं। वहीं, उपभोक्ताओं तक आंचल उत्पाद पहुंचाने के लिए 2760 दुग्ध विक्रेताओं का नेटवर्क कार्य कर रहा है। इनके माध्यम से प्रतिदिन औसतन 88 हजार लीटर दूध और 30 हजार लीटर दूध से निर्मित दुग्ध पदार्थों की बिक्री की जा रही है। संघ अधिकतम 1.21 लाख लीटर दूध की बिक्री भी कर चुका है। नक्शेदेखें
उत्पादकों को करोड़ों का लाभ, समितियों ने बांटा 5.46 करोड़ बोनस
मुकेश बोरा ने बताया कि संघ ने अपने अर्जित लाभ में से दुग्ध उत्पादकों को वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में 2.55-2.55 करोड़ रुपये दूध मूल्य अंतर के रूप में भुगतान किए हैं। इसके अलावा वर्ष 2017-18 से 2024-25 तक का 1.74 करोड़ रुपये का हिस्सा लाभांश भी शीघ्र दुग्ध समितियों के बैंक खातों में जमा कराया जाएगा। वहीं, दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में 5.15 करोड़ और वर्ष 2025-26 में 5.46 करोड़ रुपये सदस्य बोनस के रूप में वितरित किए हैं। उन्होंने इसे दुग्ध समितियों की मजबूत होती आर्थिक स्थिति और आत्मनिर्भरता का प्रमाण बताया।
दूध प्रोत्साहन राशि बढ़ाने की मांग, मैदानी सचिवों को भी मिले लाभ
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने राज्य सरकार से दुग्ध उत्पादकों को दी जा रही चार रुपये प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि बढ़ाकर छह रुपये करने का अनुरोध किया। साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों की दुग्ध समितियों के सचिवों को मिलने वाली 50 पैसे प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि की तर्ज पर मैदानी क्षेत्रों के समिति सचिवों को भी न्यूनतम 25 पैसे प्रति लीटर प्रोत्साहन देने की मांग उठाई। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का दुग्ध उत्पादकों के हित में किए जा रहे प्रयासों के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि पशुपालन की बढ़ती लागत को देखते हुए उत्पादकों को अधिक प्रोत्साहन देना समय की जरूरत है।
नई दुग्धशाला का निर्माण जारी, धारी में बनेगा चीज प्लांट
मुकेश बोरा ने बताया कि राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के निर्देशन में संघ की नई दुग्धशाला का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जो शीघ्र पूरा होने की उम्मीद है। इसके अलावा विकासखंड धारी में चीज प्लांट स्थापित करने की योजना प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि दुग्ध व्यवसाय को प्रतिस्पर्धा में बनाए रखने के लिए दुग्ध परिवहन, पशु चिकित्सा, संतुलित पशु आहार, साइलेज, मिनरल मिक्सचर, भूसा भंडारण और दुग्ध संग्रह केंद्रों के निर्माण जैसी सुविधाओं को और मजबूत करना होगा।
उन्होंने बताया कि दुग्ध उत्पादकों को पशुधन की बेहतर देखभाल और उत्पादन लागत कम करने के लिए प्राथमिक एवं आकस्मिक पशु चिकित्सा, पशु रोग निवारण शिविर, कृमिनाशक दवाइयां, टीकाकरण और अनुदान पर संतुलित पशु आहार, साइलेज तथा मिनरल मिक्सचर उपलब्ध कराया जा रहा है। गौलापार में स्थापित साइलेज प्लांट के माध्यम से स्थानीय किसानों से मक्का खरीदकर हरे चारे का विकल्प तैयार किया जा रहा है, जिससे किसानों और दुग्ध उत्पादकों दोनों को लाभ मिल रहा है।
अध्यक्ष ने कहा कि दुग्ध संघ की असली ताकत उसके उत्पादक, समितियां और उनसे जुड़े हजारों परिवार हैं। उनका प्रयास रहेगा कि उत्पादकों के हित सर्वोपरि रखते हुए संघ को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, दुग्ध उत्पादकों, समिति अध्यक्षों, सचिवों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आंचल परिवार के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी तरह सहयोग बनाए रखने की अपील की।




