हल्द्वानी में वोटर लिस्ट को लेकर बड़ा विवाद!… 28 नामों पर आपत्ति, कोर्ट के दखल के बाद मुकदमा

हल्द्वानी – मतदाता सूची से 28 लोगों के नाम हटवाने के लिए बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) की पहचान का कथित तौर पर दुरुपयोग कर फर्जी फार्म-7 दाखिल करने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता की ओर से पुलिस अधिकारियों से शिकायत किए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। न्यायालय के आदेश और पुनरीक्षण याचिका खारिज होने के बाद भी पुलिस ने करीब 52 दिन तक मुकदमा दर्ज नहीं किया। आखिरकार शुक्रवार को बनभूलपुरा थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी।इंद्रानगर निवासी इकराम अली विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत अपने बूथ पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) के रूप में कार्य कर रहे हैं। इकराम के अनुसार, 20 अगस्त को संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से उन्हें जानकारी मिली कि 12 अगस्त को निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर उनके नाम से भाग संख्या 134 के 28 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए ऑनलाइन फार्म-7 जमा किए गए हैं।इकराम अली का कहना है कि उन्होंने किसी भी मतदाता का नाम हटाने के लिए आवेदन नहीं किया था और न ही किसी अन्य व्यक्ति को अपनी पहचान का इस्तेमाल करने की अनुमति दी थी। इसके बाद उन्होंने शपथपत्र के साथ निर्वाचन अधिकारियों को लिखित शिकायत दी। साथ ही 24 अगस्त को बनभूलपुरा थाने और 29 अगस्त को तत्कालीन एसएसपी को भी प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन उनकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई।पुलिस से कार्रवाई नहीं होने पर इकराम ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 175(3) के तहत न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम, हल्द्वानी ने छह अक्टूबर को मामले में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना करने के आदेश दिए।
इसके बाद पुलिस ने न्यायालय के आदेश के खिलाफ पुनरीक्षण याचिका दाखिल कर स्थगन की मांग की। हालांकि, 30 अक्टूबर को प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश सुजीत कुमार की अदालत ने पुलिस की पुनरीक्षण याचिका खारिज कर दी। इसके बावजूद प्राथमिकी दर्ज करने में देरी होती रही।अब बनभूलपुरा थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक बबिता मेहरा को सौंपी है। एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्राथमिकी दर्ज करने में देरी किस स्तर से हुई, इसकी भी जांच कराई जाएगी


