गाइड हिमानी गर्जोला को राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

भारत स्काउट-गाइड उत्तराखंड, नैनीताल की छात्रा हिमानी गर्जोला ने अपनी प्रतिभा और कठिन परिश्रम से एक नया इतिहास रचा है। पी.एम. श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कोटाबाग की प्रतिभावान छात्रा हिमानी ने राष्ट्रपति अवार्ड परीक्षा उत्तीर्ण कर महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हस्ताक्षरयुक्त सम्मान-पत्र प्राप्त किया।

हिमानी ने वर्ष 2016 में कक्षा 6 में विद्यालय में प्रवेश लेकर श्रीमती अनुराधा पांडेय के मार्गदर्शन में गाइड कंपनी से जुड़ाव किया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय सोपान उत्तीर्ण करने के बाद उन्होंने राज्य पुरस्कार प्राप्त किया और लगातार आगे बढ़ते हुए राष्ट्रपति परीक्षा तक का सफर तय किया। 31 अगस्त 2025 को नेशनल यूथ कॉम्प्लेक्स गदपुरी (पलवल, हरियाणा) में आयोजित राष्ट्रपति रैली में उन्हें यह गौरव प्राप्त हुआ।

भारत स्काउट-गाइड संस्था केवल पुरस्कार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, चरित्र निर्माण, सामाजिक सद्भाव, देशप्रेम, नेतृत्व क्षमता और प्रकृति से जुड़ाव का अनोखा अवसर प्रदान करती है। हिमानी ने कई राष्ट्रीय कार्यक्रमों और राष्ट्रीय जम्बूरियों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए संस्था की गरिमा बढ़ाई है।

हिमानी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खंड शिक्षा अधिकारी अंशुल बिष्ट, सहायक जिला आयुक्त गाइड, विद्यालय की प्रधानाचार्य विनीता पाठक, प्रादेशिक संगठन आयुक्त बी.एस. बिष्ट, जिला सचिव आर.एस. जीना, ब्लॉक सचिव कमलेश सती, गाइड कैप्टन अनुराधा पांडेय तथा विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

webtik-promo

Related Articles