ग्राफिक एरा की पहल: ग्रामीण व आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को मुफ्त डिप्लोमा, होटल मैनेजमेंट ट्रेनिंग और प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग

हल्द्वानी उत्तराखंड के ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं के लिए ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। इस पहल के तहत युवाओं को सिविल सेवाओं सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रोफेशनल एजुकेशन और प्लेसमेंट के क्षेत्र में कई कीर्तिमान स्थापित करने वाला ग्राफिक एरा इस शैक्षणिक सत्र से राज्य के लिए एक खास पहल शुरू करने जा रहा है। ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि अब उत्तराखंड के गरीब परिवारों के बच्चों को बिना शुल्क इंजीनियरिंग में डिप्लोमा कोर्स और होटल मैनेजमेंट की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके साथ ही प्रतिभाशाली युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उच्च स्तरीय प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. घनशाला ने कहा कि इसी यूनिवर्सिटी की बीएससी (ऑनर्स) फिजिक्स की छात्रा रही मिनल नेगी का भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में चयन उत्तराखंड की प्रतिभा का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि मिनल नेगी ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में देशभर में 56वीं रैंक हासिल कर राज्य का नाम रोशन किया है।
डॉ. घनशाला ने बताया कि टिहरी जिले के डोबरा महड़ गांव के एक अपर प्राइमरी स्कूल के शिक्षक की बेटी मिनल नेगी के लिए सिविल सेवा की राह आसान नहीं थी। उन्हें प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए मुख्य रूप से ऑनलाइन ट्रेनिंग पर निर्भर रहना पड़ा। मध्यम वर्गीय परिवार से आने के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से शानदार सफलता हासिल कर उत्तराखंड के युवाओं को प्रेरित किया है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के कई युवा बिना किसी औपचारिक प्रशिक्षण के होटल इंडस्ट्री में नौकरी शुरू करते हैं, जिसके कारण उन्हें करियर की शुरुआत निचले स्तर से करनी पड़ती है। इसे देखते हुए ग्राफिक एरा ने गरीब परिवारों के युवाओं को देहरादून और हल्द्वानी में एक वर्ष का मुफ्त होटल मैनेजमेंट कोर्स कराने का निर्णय लिया है। इस कोर्स में इंडस्ट्री ट्रेनिंग भी शामिल होगी, जिससे युवाओं को होटल उद्योग में बेहतर पदों पर करियर शुरू करने का अवसर मिलेगा।
डॉ. घनशाला ने बताया कि ग्राफिक एरा अपने दो विश्वविद्यालयों, चार परिसरों और मेडिकल कॉलेज के माध्यम से देहरादून, भीमताल और हल्द्वानी में विश्वस्तरीय फैकल्टी और नवीनतम तकनीक के साथ उच्च स्तरीय प्रोफेशनल और तकनीकी शिक्षा प्रदान कर रहा है। आर्थिक कारणों से शिक्षा से वंचित रहने वाले युवाओं को अवसर देने के उद्देश्य से आगामी शैक्षणिक सत्र से यह नई पहल शुरू की जा रही है।




