कृषि ऋण और सरकारी योजनाओं की प्रगति पर जिलाधिकारी ने की समीक्षा, वार्षिक ऋण योजना पुस्तिका का विमोचन


हल्द्वानी। जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में जिला सलाहकार समिति (DCC) एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (DLRC) की बैठक ऑनलाइन माध्यम से कैंप कार्यालय हल्द्वानी से आयोजित की गई। बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक अमित वाजपेयी सहित विभिन्न बैंकों एवं सरकारी विभागों के अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए तैयार की गई वार्षिक ऋण योजना (ACP) पुस्तिका का विमोचन किया। उन्होंने जिले में कृषि क्षेत्र के विकास के लिए बैंकों द्वारा ऋण वितरण बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाया जाए।
जिलाधिकारी ने किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना के तहत शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने तथा लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही एग्रीकल्चर इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड एवं कृषि क्षेत्र से जुड़ी अन्य योजनाओं में प्रगति लाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY), अटल पेंशन योजना (APY), मुद्रा योजना तथा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की बैंकवार समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी बैंकों को निर्देशित किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि बैंकिंग सेवाओं के माध्यम से ग्रामीण एवं कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाना प्राथमिकता होनी चाहिए।

Related Articles