छात्रों की आवाज़ के समर्थन में हल्द्वानी में कांग्रेस का प्रदर्शन, राहुल गांधी की गिरफ्तारी का किया विरोध


हल्द्वानी। दिल्ली में छात्रों के समर्थन में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की कथित गिरफ्तारी और अभद्र व्यवहार के विरोध में बुधवार को महानगर कांग्रेस कमेटी, हल्द्वानी ने स्वराज आश्रम में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया।
धरने को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि देश का युवा शिक्षा, रोजगार और भविष्य से जुड़े सवालों के जवाब मांग रहा है, लेकिन सरकार उनकी आवाज़ दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों के समर्थन में खड़े राहुल गांधी और अन्य नेताओं के साथ किया गया कथित व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है और कांग्रेस अन्याय व दमन के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगी।
महिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष मधु सांगूड़ी ने कहा कि छात्र और युवा अपने भविष्य को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे समय में उनकी आवाज़ उठाने वालों के साथ इस प्रकार का व्यवहार लोकतंत्र की भावना के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्र-युवा शक्ति के साथ मजबूती से खड़ी है।
पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष हेमंत बगड़वाल ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के समर्थन में आवाज़ उठाने वाले नेताओं की गिरफ्तारी सरकार की असहिष्णुता को दर्शाती है। उन्होंने सरकार से युवाओं की शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से कार्य करने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Related Articles