2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, उत्तराखंड में जिला, ब्लॉक और नगर अध्यक्षों की नई टीम घोषित

देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने प्रदेशभर के विभिन्न जिलों, महानगरों, ब्लॉक और नगर कांग्रेस समितियों के अध्यक्षों तथा नई कार्यकारिणियों की घोषणा कर दी है। ये नियुक्तियां अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की मंजूरी के बाद जारी की गई हैं।
प्रदेश कांग्रेस के महासचिव (संगठन) राजेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि घोषित कार्यकारिणियों में पुरोला, उत्तरकाशी, चमोली, कोटद्वार, पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, देवप्रयाग, हरिद्वार, रुड़की, देहरादून, पछवादून, रुद्रपुर, काशीपुर, ऊधम सिंह नगर, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, डीडीहाट और चंपावत सहित कई जिलों व महानगरों की इकाइयों को शामिल किया गया है।
इसके साथ ही पार्टी ने विभिन्न ब्लॉक, नगर और नगर पंचायत कांग्रेस समितियों के अध्यक्षों की भी घोषणा की है। इनमें पछवादून, चकराता, कालसी, ऋषिकेश, भीमताल, रामगढ़, धारी, कीर्तिनगर, डोईवाला, काशीपुर, हरिद्वार, देवप्रयाग, गजा, नंदा, गुप्तकाशी समेत कई क्षेत्रों के पदाधिकारियों को संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राजेंद्र सिंह भंडारी ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे पार्टी की विचारधारा और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सभी पदाधिकारियों से अनुशासन, समर्पण और सक्रियता के साथ संगठन को मजबूत करने की अपेक्षा की गई है।
प्रदेश कांग्रेस समिति ने स्पष्ट किया है कि जिन जिलों और संगठनात्मक इकाइयों की कार्यकारिणी अभी घोषित नहीं हुई है, उनकी सूची भी जल्द जारी की जाएगी।



