चोरगलिया में सीएम धामी ने सुनीं जनसमस्याएं, 9.93 करोड़ के शेर नाला पुल का किया लोकार्पण


हल्द्वानी (चोरगलिया)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को जनपद नैनीताल के भ्रमण पर राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया पहुंचे। हैलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी समेत विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी में क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 993 लाख रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया।
गौरतलब है कि मानसून के दौरान शेर नाला उफान पर आने से क्षेत्र में आवागमन बाधित हो जाता था। इससे स्थानीय लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। नए पुल के निर्माण से चोरगलिया क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। स्थानीय लोगों ने पुल के लोकार्पण पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट समेत विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Ad Ad

Related Articles