मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज चंपावत दौरे पर, इन कार्यक्रम में होंगे शामिल

नागार्जुन पार्क के लोकार्पण से लेकर बनबसा में खेल सुविधाओं के शुभारंभ तक कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को चंपावत जिले के दौरे पर रहेंगे। जारी कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री जिले में विभिन्न विकास योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के साथ कई अन्य कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सुबह 10:30 बजे देहरादून स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से कार द्वारा रवाना होंगे। सुबह 10:35 बजे जीटीसी हेलीपैड देहरादून पहुंचने के बाद 10:45 बजे हेलीकॉप्टर से चंपावत के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर 12 बजे उनका सर्किट हाउस हेलीपैड, चंपावत पहुंचने का कार्यक्रम है।
नागार्जुन पार्क का करेंगे लोकार्पण
मुख्यमंत्री दोपहर एक बजे सर्किट हाउस से कार द्वारा रवाना होकर 1:05 बजे नागार्जुन पार्क पहुंचेंगे। यहां पार्क के लोकार्पण कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे रवाना होकर 1:40 बजे बस स्टेशन के निकट होटल न्यू तिवारी पहुंचेंगे। दोपहर 1:45 से 2:45 बजे तक जनप्रतिनिधियों के साथ उनकी भेंटवार्ता के लिए समय आरक्षित रखा गया है। इसके बाद 2:45 से 3:15 बजे तक का समय आरक्षित रहेगा।
बनबसा में नशामुक्ति अभियान और खेल सुविधाओं से जुड़े कार्यक्रम
कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 3:15 बजे होटल न्यू तिवारी से रवाना होकर 3:25 बजे सर्किट हाउस हेलीपैड पहुंचेंगे। 3:35 बजे हेलीकॉप्टर से बनबसा के लिए प्रस्थान कर 3:50 बजे एनएचपीसी हेलीपैड पहुंचेंगे। शाम 4 बजे यहां से रवाना होकर 4:10 बजे पाटनी तिराहा, बनबसा पहुंचेंगे।
यहां रन फॉर नशामुक्ति अभियान एवं सीएसआर के अंतर्गत टाटा योद्धा वाहनों के फ्लैग ऑफ कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। इसके साथ ही नवस्थापित हनुमान जी की मूर्ति के अनावरण और सुंदरकांड में भी शामिल होंगे।
शाम 4:40 बजे पाटनी तिराहा से रवाना होकर 4:50 बजे बनबसा मिनी स्टेडियम पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां बैडमिंटन कोर्ट सहित अन्य निर्माण कार्यों का शुभारंभ करने के साथ खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं किट वितरित किए जाएंगे।
शाम को खटीमा पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री शाम 5:50 बजे बनबसा मिनी स्टेडियम से कार द्वारा रवाना होंगे और शाम 6:15 बजे खटीमा के नगला तराई स्थित निजी आवास पहुंचेंगे।
कार्यक्रम पत्र के अनुसार, मुख्यमंत्री की सुरक्षा टीम को अग्रिम रूप से भेजा जा रहा है। दौरे के दौरान उनके साथ दिनेश यादव, दिवस अधिकारी तथा अन्य अधिकारी भी रहेंगे।
मुख्यमंत्री के इस दौरे में चंपावत जिले की विकास योजनाओं, खेल सुविधाओं, नशामुक्ति अभियान और धार्मिक कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान रहेगा।




