खराब मौसम ने रोका राहुल गांधी का अल्मोड़ा दौरा, हेलीकॉप्टर बीच रास्ते से पंतनगर लौटा

पंतनगर/अल्मोड़ा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का गुरुवार का उत्तराखंड दौरा खराब मौसम की वजह से प्रभावित हो गया। निर्धारित कार्यक्रम के तहत उन्हें अल्मोड़ा में आयोजित जनसभा को संबोधित करना था, लेकिन प्रतिकूल मौसम और कम दृश्यता के कारण उनका हेलीकॉप्टर बीच रास्ते से ही वापस पंतनगर लौट आया। बाद में उन्होंने फोन के माध्यम से जनसभा में मौजूद लोगों को संबोधित किया।

पंतनगर एयरपोर्ट के अधिकारियों के अनुसार राहुल गांधी हेलीकॉप्टर से अल्मोड़ा के लिए रवाना हुए थे, लेकिन मार्ग में मौसम अचानक खराब हो गया। कम दृश्यता और सुरक्षा कारणों को देखते हुए पायलट ने हेलीकॉप्टर को वापस पंतनगर एयरपोर्ट पर उतारने का निर्णय लिया।

अधिकारियों ने बताया कि राहुल गांधी फिलहाल पंतनगर में ही रुके हुए हैं और मौसम में सुधार का इंतजार कर रहे हैं। मौसम अनुकूल होने पर उनके दोबारा अल्मोड़ा के लिए रवाना होने की संभावना है। खराब मौसम के कारण उनकी निर्धारित जनसभा में देरी हुई।

इस बीच अल्मोड़ा में आयोजित जनसभा स्थल पर सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग जुटने लगे थे। महिलाओं में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। तेज धूप और गर्मी के बावजूद कई महिलाएं छाता लेकर सभा स्थल पर पहुंचीं और राहुल गांधी के संबोधन का इंतजार करती रहीं।

प्रशासन और कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। मौसम साफ होने पर राहुल गांधी के कार्यक्रम को पुनः शुरू किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles