हल्द्वानी में तिरंगा यात्रा के दौरान उप राजस्व निरीक्षक की कान की मशीन गायब, ढूंढने वाले को इनाम देने की घोषणा

लालकुआं। हल्द्वानी शहर में शनिवार को आयोजित तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा के दौरान एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आई है। लालकुआं तहसील से ड्यूटी में गए उप राजस्व निरीक्षक वीरेंद्र चंद की लगभग 15 लाख रुपए कीमत की कान की मशीन कार्यक्रम के दौरान भीड़ में गायब हो गई। इस हादसे से वह गहरे सदमे में हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा में हजारों स्कूली बच्चों और क्षेत्रवासियों ने भाग लिया। इसी कार्यक्रम में वीरेंद्र चंद ड्यूटी पर तैनात थे और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बच्चों और शिक्षकों को लंच पैकेट बांटते समय अत्यधिक भीड़ में उनकी कान की मशीन कहीं गिर गई और फिर उसका कोई सुराग नहीं मिला।

इसकी तलाश में लालकुआं तहसील के कई कर्मचारी और खुद वीरेंद्र चंद दोपहर से देर शाम तक लगे रहे, लेकिन मशीन का पता नहीं चल सका। वीरेंद्र चंद ने बताया कि यह मशीन दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल से विदेशी तकनीक के माध्यम से लगवाई गई थी, जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपए है। वे इसी मशीन के जरिए ही सुनने और बातचीत करने में सक्षम थे। अब मशीन खो जाने से वह सामने वाले की बातें न सुन पा रहे हैं और न समझ पा रहे हैं। गौरतलब है कि वर्ष 2018 में प्रशिक्षण के दौरान अचानक उनकी दोनों कानों की सुनने की क्षमता क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके बाद डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें यह मशीन विदेश से मंगवाकर लगानी पड़ी।उप राजस्व निरीक्षक वीरेंद्र चंद ने आम जनता से अपील की है कि जो भी व्यक्ति उनकी खोई हुई मशीन वापस लौटाता है, उसे उचित इनाम दिया जायेगा।

webtik-promo

Related Articles